कोहरा अब जानलेवा हो रहा है। सोमवार सुबह काकोरी में मोहान रोड स्थित घुड़घुड़ी तालाब के पास सामने से आते हुए ट्रक की टक्कर से कार सवार दंपती की मौत हो गई। कार में सवार पति गर्भवती पत्नी का इलाज कराने अस्पताल ले जा रहा था।
हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से भाग निकला। पुलिस के मुताबिक, उन्नाव के हसनगंज सेमरा गांव निवासी पोस्टमास्टर कमलेश कुमार पाल के बडे़ बेटे जितेंद्र कुमार पाल (33) की उन्नाव में जूते चप्पल की दुकान है।
सोमवार सुबह वह गर्भवती पत्नी कुसुम लता (30) ठाकुरगंज स्थित एक निजी अस्पताल ला रहा था। वह मोहान रोड सेंट्रल पब्लिक स्कूल के पास पहुंचा ही था तभी ओवरटेक करते समय एक ट्रक ने कार में टक्कर मार दी।
इससे कार ट्रक में फंसकर करीब सौ मीटर तक घिसटती चली गई। आगे जाकर चालक ट्रक रोककर भाग निकला। मौके पर इकट्ठा हुए राहगीरों ने पुलिस को खबर करने के साथ ही जितेंद्र और उनकी पत्नी को क्षतिग्रस्त कार से निकालना शुरू कर दिया। पुलिस ने दोनों को ट्रॉमा सेंटर ले गई, जहां दंपती को मृत घोषित कर दिया गया।