लखनऊ। ट्रेनों में एसी कूलिंग ठप होने की शिकायतें अब भी आ रही हैं। ताजा मामला लखनऊ मेल का है। एसी कूलिंग ठप होने से यात्रियों को जागते हुए सफर करना पड़ा।
चारबाग रेलवे स्टेशन से नई दिल्ली जाने वाली वीआईपी ट्रेन 12229 लखनऊ मेल की सेकंड एसी के कोच ए-2 में जया अग्रवाल यात्रा कर रही थीं। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर डीआरएम सुनील कुमार वर्मा से शिकायत दर्ज कराई कि बोगी में एसी फेल होने से यात्रियों का सफर मुहाल हो गया। जया ने बताया कि शिकायत के बाद भी एसी ठीक नहीं की गई, जिससे उन्हें जागते हुए पूरी रात सफर करना पड़ा। ऐसे ही एक अन्य यात्री प्रताप कुमार राणा ने डीआरएम से शिकायत की कि वह गाड़ी संख्या 12556 गोरखधाम एक्सप्रेस की थर्ड एसी बोगी बी-8 से यात्रा कर रहे थे। बोगी की एसी खराब थी, जिससे कूलिंग नहीं हो रही थी और यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ा।
गोमती एक्सप्रेस की बोगियां बदहाल
गोमती एक्सप्रेस में भी एसी बोगियों की बदहाली शुक्रवार को उजागर हुई। गोमती एक्सप्रेस से दिल्ली से लखनऊ आ रहे यात्री डॉ. नीरज चौधरी ने रेल मंत्रालय और डीआरएम के सोशल मीडिया एक्स पर ट्रेन में फटे व उखड़े पर्दों की फोटो पोस्ट कर दी। एक स्थान पर सीट की स्ट्रिप भी निकली हुई थी, जिसके बाद डीआरएम ने इसे ठीक करने के निर्देश दिए हैं।
सेकंड एसी कोच की बदहाली उजागर की है। उन्होंने कोच के अंदर की फोटो भी पोस्ट की है, जिसमें पर्दे फटे और उखड़े हुए हैं। एक स्थान पर सीट की स्ट्रिप भी निकली हुई है।