लखनऊ। रायपुर से लखनऊ आ रही गरीबरथ एक्सप्रेस की बोगी का एसी डक्ट यात्री पर गिर गया। हालांकि यात्री बाल-बाल बच गया। यात्री अनिवेश चतुर्वेदी ने सोशल मीडिया पर इसकी शिकायत की है। उन्होंने बताया कि गाड़ी संख्या 12536 गरीबरथ एक्सप्रेस में जी-15 में 28 नंबर सीट पर यात्रा कर रहे थे। वह लोअर बर्थ पर बैठने जा रहे थे तभी अचानक चलती ट्रेन में एसी का डक्ट गिर गया। अगर वह सीट पर लेटे होते तो चोटिल हो जाते। इससे अन्य यात्री भी सहम गए। उन्होंने रेलवे के मेंटीनेंस कर्मियों को इसकी सूचना दी, जिन्होंने एसी डक्ट को ठीक किया।
कूलिंग ठप और पानी न होने की भी शिकायत
वीआईपी ट्रेन 12533 पुष्पक एक्सप्रेस की थर्ड एसी बोगी बी-2 में एसी कूलिंग फेल होने की शिकायत यात्रियों ने दर्ज कराई। एसी बोगी में जनरल से हालात हो गए। यात्रियों ने रेल सहायता पर शिकायत की, लेकिनउन्हें कोई मदद नहीं मिली। इसी तरह गाड़ी संख्या 04013 लौकहा बाजार-आनंद विहार टर्मिनल स्पेशल के यात्री ने सेकेंड एसी कोच ए-1 के शैाचालय में पानी न होने की शिकायत दर्ज कराई। गाड़ी संख्या 12226 कैफियत एक्सप्रेस के स्लीपर कोचों में अनधिकृत यात्रियों के प्रवेश की शिकायतें दर्ज कराई गईं।