बेगमपुरा एक्सप्रेस में कूलिंग ठप होने से यात्री पसीने से तरबतर हो गए। वहीं, दून एक्सप्रेस में डेढ़ साल के मासूम को इलाज नहीं मिला। बेगमपुरा से जम्मू से लखनऊ आ रहे सौरभ सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि थर्ड एसी बोगी बी-2 में गंदगी की भरमार है और एसी कूलिंग ठप हो गई।
इससे यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी। वहीं, हुसैन मुख्तार ने शिकायत की कि गोरखपुर एलटीटी एक्सप्रेस (15018) में एसी कूलिंग ठप हो गई। गोरखपुर बांद्रा एक्सप्रेस (15067) की थर्ड एसी बोगी बी-2 में सफर कर रहे मो. नूरेन ने कहा कि कूलिंग ठप होने से गर्मी में बुरा हाल हो गया।
डीआरएम विजयलक्ष्मी कौशिक ने तत्काल एसी ठीक करने के निर्देश दिए। वहीं, भगत की कोठी कामाख्या एक्सप्रेस (15623) में सफर कर रहे मयंक अग्रवाल ने भी थर्ड एसी की कूलिंग ठप होने की शिकायत डीआरएम से की।
गोरखपुर-बादशाहनगर इंटरसिटी (15069) की बी-1 बोगी में सफर कर रहे रितेश गुप्ता ने शिकायत की कि कंबल तक नहीं दिया गया। वहीं दून एक्सप्रेस (13010) में सफर कर रहे यात्री के डेढ़ साल के बच्चे को तबीयत बिगड़ने पर इलाज नहीं मिला। हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि लखनऊ में इलाज मुहैया कराया गया।
पानी न मिलने से हलक सूखे
अरुण कुमार जोशी ने भगत की कोठी कामाख्या एक्सप्रेस (15623) में पानी की किल्लत की शिकायत की। ऐसे ही इंदौर पटना एक्सप्रेस (19313) की एस-11 बोगी के यात्री रविप्रकाश वर्मा में गंदगी, कॉकरोच व चूहे होने की शिकायत की। त्रिवेणी एक्सप्रेस (24369) के जनरल कोच में पानी की कमी से यात्रियों के हलक सूख गए।