राजधानी में प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक स्कूलों का दौरा करने निकले सहायक बेसिक शिक्षा निदेशक (एडी बेसिक) महेंद्र सिंह राणा ने शनिवार को खुद मिड-डे मील की बदहाल व्यवस्था देखी।
काकोरी क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सरकंडा में बच्चों को तहरी खिलाई जा रही थी जबकि, मेन्यू के अनुसार शनिवार को सब्जी-चावल और खीर बनना था।
यहां एक शिक्षिका बिना कारण बताए अनुपस्थित भी थीं। उनका एक दिन का वेतन काटने और मिड-डे मील की व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए स्कूल प्रबंध समिति की बैठक बुलाने के निर्देश दिए गए।
पूर्व माध्यमिक विद्यालय सरकंडा में शनिवार को मिड-डे मील बनाया ही नहीं गया। यहां से बच्चे भूखे ही लौट गए। इस पर शिक्षकों को कड़ी फटकार लगाई गई है।
इसी तरह प्राथमिक विद्यालय गोपरामऊ में शिक्षामित्र बिना कारण बताए अनुपस्थित था और स्कूल परिसर गंदे पानी से भरा हुआ था। इस लापरवाही पर यहां के प्रधान अध्यापक के ट्रांसफर का आदेश दिया गया।
प्राथमिक विद्यालय कुशमरी में सिर्फ दो या तीन छात्र ही मिले। यहां नए सत्र में ही इतने कम छात्रों के होने पर एडी बेसिक ने नाराजगी जताई और एक शिक्षिका के तबादले का आदेश दे दिया।
प्राथमिक विद्यालय चतुरीखेड़ा में हेड मास्टर गायब मिले। वे पास के ही स्कूल में दूसरे शिक्षक की छुट्टी की एप्लीकेशन देने गए थे।
एडी बेसिक के पूछने पर उन्होंने खुद को ग्रामीण बताया। पोल खुलने पर उनके तबादले के भी आदेश दे दिए गए।