गंगा में खनन और गोकशी को लेकर अपनी ही सरकार के खिलाफ मुखर होने वाले बदायूं शहर के विधायक आबिद रजा को समाजवादी पार्टी और विधानमंडल दल से निलंबित कर दिया गया है।
आबिद की पत्नी फात्मा रजा ने शनिवार को ही सांसद धर्मेंद्र यादव से अपने पति की जान को खतरा बताया था।
विधायक आबिद रजा खां वक्फ विकास निगम के उपाध्यक्ष भी हैं। वह कई दिनों से गंगा में अवैध खनन, जिले में गोकशी और सड़कों को खोदे जाने का मामला उठा रहे थे।
कई दिनों तक उन्होंने नाम लिए बिना सांसद धर्मेंद्र यादव पर अवैध खनन और गोकशी कराने के आरोप लगाए। तीन अगस्त को उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस करके चेतावनी दी थी कि यदि एक सप्ताह में खनन व गोकशी पर रोक न लगी तो वह वक्फ विकास निगम के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे देंगे।
इसके बाद से ही उन पर पार्टी नेतृत्व की नजरें टेढ़ी हो गई थीं, जिसके बाद उन पर निर्णय लिया गया।