रायबरेली। मरीजों को अस्पतालों तक पहुंचाने के लिए संचालित 108 एंबुलेंस का दुरुपयोग थम नहीं रहा है। शिवगढ़ की एक एंबुलेंस के चालक और इमरजेंसी मेडिकल टेक्नीशियन (ईएमटी) एंबुलेंस से ही दोस्त के घर दावत खाने पहुंच गए। करीब एक घंटे तक गांव के बाहर एंबुलेंस खड़ी रही। बाद में दोनों एंबुलेंस लेकर अस्पताल पहुंचे। वीडियो वायरल होने के बाद सोमवार को दोनों को सेवा से हटा दिया गया।
शिवगढ़ सीएचसी की 108 एंबुलेंस के चालक ब्रजेश व ईएमटी हरिनाथ बीती रविवार की रात अपने दोस्त के घर दावत खाने के लिए एंबुलेंस से पहुंच गए। बताते हैं कि एक मरीज को अस्पताल पहुंचाने के बाद दोनों एंबुलेंस लेकर दोस्त के घर गए थे। गांव के बाहर एंबुलेंस खड़ी करके दावत उड़ाने में जुट गए।
इस दौरान गांव के लोगों ने एंबुलेंस वीडियो बना लिया। दावत उड़ाने के बाद दोनों एंबुलेंस लेकर अस्पताल पहुंचे। सोमवार सुबह वीडियो वायल होने के बाद दोनों को हटा दिया गया है। जिला प्रभारी अक्षय ने बताया कि चालक ब्रजेश और ईएमटी हरिनाथ को सेवा से बाहर कर दिया गया है। लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी।