आम आदमी पार्टी (आप) ने शनिवार को उत्तर प्रदेश की लोकसभा सीटों
के लिए चुनाव लड़ने के इच्छुक 210 उम्मीदवारों के इंटरव्यू लिए।
देश के
प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के पौत्र कृष्ण मुरारीलाल श्रीवास्तव
ने भी साक्षात्कार दिया। उन्होंने यूपी की महराजगंज सीट से चुनाव लड़ने की
इच्छा जताई है।
वहीं कई पूर्व विधायक, पायलट, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक,
पत्रकार, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ताओं व वकीलों ने भी इंटरव्यू दिए।
कन्नौज से एक ऑटोरिक्शा चालक ने आवेदन किया है।
पार्टी की उत्तर प्रदेश
इकाई ने तीन चरणों में 1578 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार लिए हैं। पार्टी ने
अब तक यूपी की 80 में से सात सीटों के लिए उम्मीदवारों की घोषणा की है।
शेष सीटों के लिए प्रत्याशियों की घोषणा जल्द की जाएगी।
अप्रवासी भारतीय ने ऑनलाइन दिया इंटरव्यू कनाडा
में रह रहे चंद्रभान सिंह ने भी यूपी की बांदा सीट से चुनाव लड़ने के लिए
आवेदन भेजा था। आकस्मिक कारणों से वे लखनऊ इंटरव्यू देने नहीं आ सके।
उन्होंने स्काइप के जरिये साक्षात्कार करने का विशेष अनुरोध किया था। इस पर
पार्टी ने उनका ऑनलाइन इंटरव्यू लिया।