नामांकन के अंतिम दिन जावेद जाफरी के पर्चा दाखिल करने के दौरान ही पूर्व प्रधानमंत्री लालबहादुर शास्त्री के पौत्र आदर्श शास्त्री का भी नामांकन करवा दिया।
हालांकि अब आप पार्टी पदाधिकारी इसे सिर्फ सर्तकता के तहत कवरिंग नामांकन का नाम देकर अपनी चुनावी रणनीति का एक हिस्सा बता चुप्पी साधे हैं।
दूसरी तरफ जानकारों की मानें तो जावेद जाफरी का नाम अभी तक देश के किसी भी हिस्से में बतौर मतदाता वोटर लिस्ट में दर्ज नहीं है।
पहले उन्होंने बताया था कि उनका नाम मुंबई लोखंड इलाके की मतदाता सूची में दर्ज है लेकिन वह इसका सबूत न दे सके।
गुपचुप तौर पर पार्टी ने मतदाता पुनरीक्षण कार्यक्रम से जुड़े जिला प्रशासन के कुछ अधिकारियों पर दबाव बना सरोजनीनगर के सरस्वतीपुरम इलाके से जावेद जाफरी का नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के साथ नया वोटर आईडी बनवाने के लिए फार्म-6 भरकर जमा भी कराया।
पांच दिन पूर्व एसडीएम सदर ने भौतिक सत्यापन के तहत जावेद जाफरी को बुलाकर फार्म में भरी सूचनाओं को सत्यापन भी किया।
इसके बाद ही फार्म-6 की फीडिंग के आधार पर जावेद जाफरी का नाम वोटर लिस्ट में शामिल होना था।
इसी आधार पर नामांकन के अंतिम दिन जावेद जाफरी ने अपने को सरोजनीनगर विधान सभा क्षेत्र का मतदाता दर्शाते हुए पर्चा भी दाखिल कर दिया।
बस यही से आप पार्टी के रणनीतिकारों का भरोसा जावेद जाफरी से डगमगाने लगा।
उन्हें आशंका है कि अगर नामांकन पत्रों की जांच तक जावेद जाफरी का नाम फीडिंग के बाद पूरक वोटर लिस्ट में शामिल नहीं हुआ तो उनका पर्चा खारिज होना तय है।