फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दूध की धुली नहीं है 'आप', तोड़े अपने ही नियम

Wed, 02 Apr 2014 10:03 AM IST
शोभित श्रीवास्तव/अमर उजाला, लखनऊ
विज्ञापन
विज्ञापन
रोज-ब-रोज आम आदमी पार्टी की छवि धूमिल हुई जा रही है। अरविंद केजरीवाल ने खुद जो नियम बनाए थे, वह खुद ही उसे तोड़ रहे हैं।
विज्ञापन


चुनाव से पहले आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा था कि लोकसभा चुनाव के प्रत्याशियों का चयन इंटरव्यू के जरिये होगा, लेकिन पार्टी ने लखनऊ सीट से बॉलीवुड स्टार जावेद जाफरी को टिकट देकर अपने ही नियम को तोड़ दिया है।

जावेद जाफरी को बगैर इंटरव्यू दिए सीधे टिकट मिल गया है। इससे साबित हो गया है कि उसकी भी कथनी व करनी में अंतर है।

पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने दावा किया था कि प्रत्याशी ऊपर से नहीं थोपे जाएंगे।
Trending Videos

जिन्होंने दिए इंटरव्यू वह टिकट लेने में हुए फेल

ऐसा नियम था कि आम आदमी खुद टिकट के लिए आवेदन करेगा और उसे इंटरव्यू देना होगा।

पैनल की रिपोर्ट के बाद ही प्रत्याशी चयन किया जाएगा। प्रदेश की 80 लोकसभा सीटों के लिए लखनऊ में भी कई राउंड इंटरव्यू हुए।

राजधानी से टिकट की चाह में कई प्रमुख लोगों ने इंटरव्यू दिए थे। सोमवार को जैसे ही जावेद जाफरी का नाम घोषित हुआ, इस पर तीखी प्रतिक्रिया आनी भी शुरू हो गई।

अन्ना आंदोलन के दौरान मुख्य भूमिका निभाने वाले सोशल एक्टिविस्ट गिरीश तिवारी कहते हैं कि पार्टी पहले नियम बनाती है और बाद में खुद ही तोड़ देती है।

'आप' भी दूसरी पार्टियों की ही तरह है

जावेद जाफरी का लखनऊ से दूर-दूर तक कोई नाता नहीं है। कुछ नेता अपने हितों के कारण पूरी पार्टी का नुकसान कर रहे हैं।

अगर ऐसे ही टिकट देने थे तो लखनऊ में इंटरव्यू के नाटक क्यों किए गए।

लखनऊ विश्वविद्यालय में राजनीति शास्त्र विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रो. एसके द्विवेदी कहते हैं, आम आदमी पार्टी व दूसरे दलों की शैली में कोई अंतर नहीं देखने में आ रहा है।

सामाजिक आंदोलन से जन्मी यह पार्टी आज अपने उद्देश्यों से भटक गई है। यही हाल रहा तो पार्टी का भविष्य बहुत ज्यादा दिनों तक सुरक्षित नहीं रहेगा।

कल आएंगे जावेद जाफरी

फिल्म स्टार, कॉमेडियन व डांसर जावेद जाफरी बुधवार को लखनऊ पहुंच रहे हैं।

वे यहां पार्टी की टीम से मिलकर आगे की रणनीति तय करेंगे। मशहूर कॉमेडियन जगदीप के बेटे जावेद ने ‘मेरी जंग’ फिल्म से अपना कॅरिअर शुरू किया था और ‘बोल बेबी बोल रॉक एंड रोल...’ गाने पर अपने डांस का जलवा बिखेरा था।

उन्होंने डांस के क्षेत्र में भी काफी नाम कमाया है। अब तक उनकी 35 से अधिक फिल्में आ चुकी हैं।

तीन बच्चों के पिता जावेद सोनी टीवी पर आने वाले बुगी-वुगी डांस शो के साथ ही फिल्मफेयर, आईफा व स्क्रीन जैसे करीब 200 लाइव कार्यक्रमों को भी होस्ट कर चुके हैं।

फिल्मी कॅरिअर के बाद अब वे राजनीति में अपनी किस्मत आजमाने जा रहे हैं।
विज्ञापन

इन लोगों ने लौटाए टिकट

इधर आम आदमी पार्टी से टिकट लौटाने वालों की भी फौज बढ़ती जा रही है। सोमवार को फर्रुखाबाद से प्रत्याशी मुकुल त्रिपाठी ने टिकट लौटा दिया।

इससे पहले खुद पार्टी की पॉलिटिकल अफेयर कमेटी (पीएसी) के सदस्य और दो बार के सांसद रहे इलियास आजमी ने लखीमपुर खीरी से टिकट लौटा दिया था।

वे लखनऊ से टिकट मांग रहे थे। कुछ समय पहले ही फैजाबाद से इकबाल मुस्तफा ने टिकट लौटाया था।

जालौन सीट से अभिलाषा जाटव ने भी पार्टी को टिकट लौटा दिया है। वहीं, मुरादाबाद से खालिद परवेज का टिकट पार्टी ने वापस ले लिया है।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें