कोरोना वायरस संक्रमण के लगातार बढ़ते मामलों को देखते हुए नीट, जेईई और यूजीसी की परीक्षाएं स्थगित करने की मांग को लेकर आम आदमी पार्टी की छात्र इकाई ने सोमवार को लखनऊ में परिवर्तन चौक चौराहे पर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि संक्रमण के कारण छात्रों व उनके अभिभावकों में डर का माहौल है। इस समय परीक्षा आयोजित कर उनके जीवन को जोखिम में नहीं डाला जा सकता। अत: परीक्षाएं स्थगित कर दी जाएं।
छात्रों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की जिस पर वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें हिरासत में ले लिया। दरअसल, परीक्षा करवाने को लेकर छात्र भी दो धड़ों में बंटे हुए हैं। कुछ का कहना है कि परीक्षाएं करवाई जाएं जबकि कुछ परीक्षाएं स्थगित करने की मांग कर रहे हैं।
प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल निशंक के नाम ज्ञापन सौंपा। बता दें कि पिछले सप्ताह मामले की सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि छात्रों के शैक्षणिक भविष्य को लंबे समय तक जोखिम में नहीं डाला जा सकता है इसलिए सावधानी बरतते हुए परीक्षा का आयोजन किया जाना चाहिए।