काकोरी के मोहद्दीनपुर गांव में घायल के परिजनों से पूछताछ करती पुलिस।
लखनऊ। काकोरी के मोहद्दीनपुर गांव में शनिवार सुबह एक हजार रुपये के लेनदेन के विवाद में वायरिंग कारीगर अनिल गौतम (25) को गोली मार दी गई। आरोप पड़ोस में रहने वाले सचिन राजपूत, उसके भाई गुड्डू, बउवा और साथी अंकित पर लगा है। पुलिस ने केस दर्ज कर बउवा और अंकित को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर काकोरी सतीश चंद्र राठौर के मुताबिक अनिल गौतम का शुक्रवार की रात गांव निवासी दोस्त सचिन राजपूत के साथ उधार में दिए गए रुपये को लेकर कहासुनी हुई थी। उस वक्त सचिन के साथ उसका साथी अंकित भी मौजूद था। शनिवार की सुबह फिर से सचिन व अनिल के बीच इसी बात को लेकर बहस हो गई। लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कराकर मामले को शांत करा दिया। अनिल घर से बाइक निकालने लगा। आरोप है कि इस बीच सचिन पिता हरिराम की लाइसेंसी दोनाल बंदूक लेकर भाई गुडडू और बउवा के साथ अनिल के घर पहुंच गया और बंदूक सटा कर उनकी पीठ पर गोली मार दी। अनिल खून से लथपथ होकर वहीं गिर पड़े। वारदात को अंजाम देकर आरोपी वहां से भाग गए। परिजन अनिल को सीएचसी ले गए, जहां से उनको ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। सूचना पर एसीपी काकोरी और काकोरी पुलिस भी पहुंच गई। छानबीन के दौरान पुलिस को सीसीटीवी कैमरे में पूरी घटना कैद मिली। एसीपी शकील अहमद ने बताया घायल की मां शांति देवी की तहरीर पर सचिन, उसके बड़े भाई गुड्डू, बउवा और दोस्त अंकित के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी बंदूक बरामद कर ली गई है।