लखनऊ। त्रिवेणीनगर तृतीय निवासी शटरिंग कारीगर राकेश यादव (20) से मोहल्ले के रहने वाले दबंग बलगर ने 25 मार्च की शाम रुपये मांगे। मना करने पर आरोपी ने राकेश पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। इससे राकेश का सीना, गला और कान झुलस गया। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। राकेश की बहन रानी यादव की तहरीर पर पुलिस ने शनिवार को रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
रानी के अनुसार, बुधवार शाम उनका भाई काम करके लौट रहा था। मूंगफली मंडी के पास मोहल्ले के रहने वाले बलगर ने राकेश को रोक लिया। आरोपी नशे में धुत था। उसने कहा कि जेब में रखे सारे रुपये दे दो। मना करने पर वह तलाशी लेने लगा। राकेश के विरोध करने पर आरोपी गालियां देते हुए हाथापाई पर उतारू हो गया। आरोप है कि इस बीच बलगर ने जेब से पेट्रोल की बोतल निकाली और राकेश पर डालकर आग लगा दी। शोर सुनकर आसपास के लोग जुटे तो आरोपी वहां से भाग गया।
इंस्पेक्टर अलीगंज ध्रुव कुमार ने बताया कि घटना के बाद से आरोपी घर छोड़कर भागा हुआ है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। अस्पताल में भर्ती राकेश की हालत खतरे से बाहर है।
इलाके में गुंडई करता है आरोपी
रानी का आरोप है कि आरोपी बलगर दबंग है। पूरा मोहल्ला उससे डरता है। शराब और ड्रग्स का नशा करके अक्सर मारपीट करता है। यह भी आरोप है कि इस मामले में अलीगंज पुलिस ने हत्या के प्रयास की धारा में रिपोर्ट दर्ज नहीं की, जबकि आरोपी ने उनके भाई को जान से मारने का प्रयास किया था। इंस्पेक्टर अलीगंज का कहना कि दोनों पक्ष एक दूसरे के परिचित हैं। किसी बात पर विवाद होने के बाद घटना हुई है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।