फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Lucknow News: बेल्ट से गला कसकर युवक की हत्या

Tue, 06 May 2025 02:12 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, लखनऊ
विज्ञापन
बेल्ट से गला कसकर युवक की हत्या
विज्ञापन
नगराम। कुबहरा गांव में रविवार रात घर से निकले महेश (35) की हत्या कर दी गई। महेश का शव सोमवार सुबह गांव के बाहर सहजराम के खेत में पड़ा मिला। महेश की बेल्ट से गला कसकर हत्या की गई थी। महेश की पत्नी सुनीता ने दो महिलाओं समेत सात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। पुलिस कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अभी तक वारदात का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है।पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट और गला कसने से मौत की पुषि्ट हुई है।
विज्ञापन


सुनीता के मुताबिक रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे महेश घर से टहलने की बात कहकर निकले थे। काफी देर तक नहीं लौटे तो वह खोजने निकलीं। रात में नौ बजे महेश गांव के रामदीन, उसके बेटे दीपू, लवकुश व लवकुश की मां विनीता के साथ बातचीत करते मिले। सुनीत ने महेश से घर चलने के लिए कहा तो वहां मौजूद लोगों ने थोड़ी देर बाद उन्हें भेजने की बात कही। इसके बाद सुनीता घर लौट गईं।
सोमवार सुबह महेश का शव गांव के बाहर सहजराम के खेत स्थित समाधि पर मिला। चरवाहों ने ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद पुलिस पहुंची। थाना प्रभारी विवेक कुमार चौधरी ने बताया कि सुनीता ने गांव के रामदीन रावत, उसके बेटे दीपू, लवकुश, लवकुश की मां विनीता, बहन रेशमा और गोसाईंगंज के कर्बला मीसा गांव निवासी सुरेंद्र कुमार के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कराया है। पूछताछ के लिए हिरासत में लिए गए नामजद आरोपियों से कोई खास जानकारी नहीं मिल सकी है। पुरानी रंजिश व प्रेम प्रसंग सहित अन्य पहलुओं पर जांच की जा रही है।
विज्ञापन


आरोप : पिता की मौत का बदला लेने के लिए मार डाला
महेश के घरवालों ने बताया कि तीन साल पहले गांव के सहजराम रावत ने बबूल के पेड़ से फंदा लगा लिया था। सहजराम के शव के पास से सुसाइड नोट बरामद किया गया था। इसमें उन्होंने महेश व उनकी पत्नी सुनीता को दोषी ठहराया था। महेश और सुनीता के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने की एफआईआर दर्ज कर दोनों को जेल भेजा गया था। एक साल पहले सुनीता व महेश जेल से रिहा हुए थे। महेश के बड़े भाई तिवारी का आरोप है कि सहजराम के बेटे लवकुश ने अपने पिता की मौत का बदला लेने के उद्देश्य से हत्या की है। आरोपी ने पहले महेश को शराब पिलाई। इसके बाद अपने पिता की समाधि पर महेश की हत्या कर दी।

मौके पर मिली शराब की बोतल

पुलिस को घटना स्थल से शराब की बोतल और गिलास मिली है। यही नहीं, कुबहरा स्थित शराब के ठेके पर भी कुछ संदिग्धों को महेश के साथ देखा गया है। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज निकाली हैं। पुलिस का कहना है कि फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। जल्द ही वारदात का राजफाश कर दिया जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें