लखनऊ। दुबग्गा में इंवेट करवाने वाले आकाश अवस्थी को कार सवार युवकों ने अगवा कर लिया और असलहे के बल पर 75 हजार रुपये और सोने की चेन लूट ली। पीड़ित ने दो नामजद व कुछ अज्ञात के खिलाफ एफआईआर कराई है।
ठाकुरगंज के प्रेमनगर बरौरा हुसैनबाड़ी निवासी आकाश के मुताबिक 14 फरवरी को उन्होंने दुबग्गा में कार्यक्रम आयोजित किया था। देर रात 12:50 बजे वहां से लौटते वक्त जेहटा रोड पर सौरभ ठाकुर, तुषार लोधी और उनके साथियों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि हमलावरों ने असलहा दिखाकर उन्हें जबरन कार में बैठा लिया और मारपीट की। आरोप लगाया कि उनसे 75 हजार रुपये और सोने की चेन छीन ली गई। आरोपियों ने मारपीट का वीडियो भी बना लिया और पुलिस में शिकायत करने पर उसे सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी दी। बाद में पीड़ित को चलती गाड़ी से फेंककर गए।
इंस्पेक्टर दुबग्गा श्रीकांत राय का कहना है कि शुरुआती जांच में पता चला है कि दोनों पक्ष एक-दूसरे से परिचित हैं और उनके बीच पहले से विवाद है। करीब पांच माह पहले पीड़ित ने आरोपियों को घर बुलाकर मारपीट करने की एफआईआर भी दर्ज कराई थी। मामले की जांच की जा रही है।