सूरज की मौत के बाद बिलखती पत्नी प्रियंका और साली प्रांशी। -संवाद
लखनऊ। इंदिरानगर के जरहरा रसूलपुर गांव निवासी सूरज यादव (25) की मारपीट के बाद ट्रैक्टर से रौंद कर हत्या कर दी गई। घर से कुछ दूरी पर बुधवार सुबह उनका खून से लथपथ शव मिला। हत्या का आरोप ट्रैक्टर मालिक राज जायसवाल और उसके साढ़ू पर लगा है। सूरज के पिता झब्बू ने साजिश रचने, हत्या और धमकाने का केस दर्ज कराया है।
एसीपी गाजीपुर ए. विक्रम सिंह का कहना है कि नामजद आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। अभी तक की जांच में पता चला है कि सूरज आरोपी राज का ट्रैक्टर चलाता था। पहले पुलिस को सूरज के हादसे में मारे जाने की सूचना मिली थी।
सूरज के भाई शोभित ने बताया कि मंगलवार शाम राज जायसवाल व उसका साढ़ू घर पहुंचे और सूरज को काम के सिलसिले में बुलाकर ले गए। बुधवार सुबह परिजनों को स्थानीय लोगों से पता चला कि सूरज नेवादा पावर हाउस घायल अवस्था में पड़ा है। परिजन मौके पर पहुंचे तो सूरज का खून से लथपथ शव मिला। शरीर पर कई जगह चोट के निशान थे।
कार्रवाई की मांग कर हंगामा
परिजनों ने रुपये के लेनदेन में शराब पिलाने और फिर मारपीट के बाद ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या करने का आरोप लगाया है। कार्रवाई की मांग कर शव सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। पुलिस के अधिकारियों ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिवार में पत्नी प्रियंका, दो भाई शोभित, मोहित और मां मीना हैं।