लखनऊ। बीबीडी स्थित आनंदी वाटर पार्क के पास रविवार को डंपर की टक्कर से घायल हुए गोविंद (24) की इलाज के दौरान ट्राॅमा सेंटर में मौत हो गई। हादसे में उनके ममेरे भाई गोपी की हादसे के वक्त ही जान चली गई थी।
बाराबंकी के देवा स्थित मितई गांव निवासी गोविंद मजदूरी करते थे। गुडंबा निवासी उनके ममेरे भाई गोपी का नौ फरवरी को तिलक और 13 फरवरी को शादी थी। रविवार को दोनों लोग कार्ड बांटने के लिए बाइक से निकले थे। आनंदी वाटर पार्क के पास उनकी बाइक से पीछे से डंपर टकरा गया था। हादसे में गोपी की मौके पर मौत हो गई थी और गोविंद घायल हो गए थे। ट्राॅमा सेंटर में उनका इलाज चल रहा था। मंगलवार की सुबह उन्होंने भी दम तोड़ दिया। पोस्टमाॅर्टम के बाद परिवारीजन शव लेकर बाराबंकी चल गए। चाचा राधेलाल ने डंपर चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बीबीडी थाने के इंस्पेक्टर राम सिंह ने बताया कि डंपर कब्जे में है, चालक की तलाश जारी है।