लखनऊ। पांच दिन से लापता श्रमिक मड़ियांव के प्रीति नगर निवासी कल्लू (35) शनिवार को सड़क किनारे मरणासन्न मिले। अस्पताल में उनकी मौत हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो सका। उनका हार्ट और बिसरा सुरक्षित रखा गया है।
मूलरूप से फतेहपुर के मोहम्मदपुर में रहने वाले कल्लू प्रीतिनगर में पत्नी कमरुनिशा के साथ रहते थे। कमरुनिशा ने बताया कि पति काम के चलते अक्सर घर से बाहर रहते थे। 17 नवंबर को वह काम के लिए निकले थे। पांच दिन बाद भी नहीं लौटे। शनिवार को वह साप्ताहिक बाजार में कपड़े की दुकान लगाने जा रही थीं। तभी उन्हें एक परिचित मिला। उसने उनके घर से करीब एक किलोमीटर दूर नौबस्ता रामलीला ग्राउंड के पास सड़क किनारे कल्लू के मरणासन्न हाल में पड़े होने की सूचना दी। आनन-फानन वह भाई के साथ घटनास्थल पर पहुंचीं तो पता चला कि पीआरवी पुलिस ने उन्हें ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया है। जब वह ट्रॉमा सेंटर पहुंचीं तो पता चला कि कल्लू की इलाज के दौरान मौत हो चुकी थी। कल्लू शराब के नशे के आदी थे। उन्होंने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है। इंस्पेक्टर शिवानंद मिश्र का कहना है कि पुलिस को घटना की जानकारी नहीं है।