नगराम। नगराम के कंचनखेड़ा गांव निवासी मालती की हत्या उसके पति तिलकराम ने दोस्त राजेश प्रजापति के साथ मिलकर की थी। बुधवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। तिलकराम को शक था कि पत्नी के अवैध संबंध हैं। इसलिए उसने दोस्त के साथ मिलकर मालती के सिर पर डंडे से वार कर हत्या कर दी। हत्या को हादसा बताकर पुलिस को भी गुमराह किया।
डीसीपी दाक्षिणी निपुण अग्रवाल ने बताया कि मालती के चाचा राजाराम ने दामाद तिलकराम व उसके साथी राजेश के खिलाफ नगराम थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप था कि जमीन की लालच में तिलकराम ने साथी के साथ मिलकर हत्या की और हत्या का हादसा बताकर गुमराह किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मालती के सिर पर कई चोटें मिलीं थीं।
ऐसे पकड़ा गया आरोपियों का झूठ
पुलिस ने मंगलवार को तिलकराम व राजेश को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों गुमराह करने लगे। पुलिस ने पूछा कि अगर स्कूटी अनियंत्रित होकर गिरी थी तो सिर्फ मालती को क्यों चोट लगी। स्कूटी पर कोई खरोंच नहीं आई। जांच में पता चला कि 16 मार्च को आरोपी तिलकराम पत्नी मालती और साथी के साथ कुबहरा गांव निवासी मौसा राधेश्याम के घर गया था। रात को वहां से निकलते समय राजेश ने राधेश्याम के बेटे अनिल से डंडा मांगा। अनिल ने जब पूछा तो राजेश ने जानवरों से बचने के लिए डंडा लेने की बात कही।
तिलकराम ने सिर पर मारा था डंडा
आरोपी तिलकराम ने बताया कि कुबहरा गांव से लौटते समय स्कूटी रोकी। यहां मालती को उतारा। मालती के सिर पर पीछे से डंडे से वार कर दिया। इससे वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ी। समेसी गांव के कोटेदार को फोन कर मालती के सड़क हादसे में घायल होने की जानकारी देकर कार मांगी। कोटेदार ने चालक संतोष को कार लेकर भेजा। यहां से मालती को अस्पताल ले गए। डॉक्टर ने ट्रामा सेंटर भेजा, लेकिन आरोपी मालती को घर ले गए। इससे उसकी मौत हो गई।