रास्ता बनवाने और अपात्रों को मिले आवास की शिकायत पर सुनवाई न होने से नाराज युवक तीन दिनों से अपने घर पर ही भूख हड़ताल कर रहा है। परिजनों का दावा है कि उसकी हालत बिगड़ रही है। बीडीओ ने मौके पर जांच की लेकिन कोई निष्कर्ष नहीं निकला।
बीडीओ का कहना है कि मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है। संग्रामपुर विकास खंड के बनवीरपुर गांव निवासी भीम यादव का कहना है कि वह करीब एक साल से रास्ते की मांग कर रहा है। उसको रास्ता नहीं मिला। आरोप है कि ग्राम प्रधान द्वारा अपात्र लोगों को आवास दिए गए हैं। इसकी जांच की मांग की गई लेकिन अफसरों ने उसकी सुनवाई नहीं की। सुनवाई नहीं होने से नाराज होकर उसने बृहस्पतिवार से अनशन व भूख हड़ताल शुरू कर दी।
ये भी पढ़ें - 11 जिलों के 36 गांव बाढ़ से प्रभावित, सरयू फिर से उफान पर, इन जिलों में भारी से भारी बारिश की चेतावनी
ये भी पढ़ें - रेल को पलटाने की साजिश में नया अपडेट... लोको पायलट-जूनियर इंजीनियर बताएंगे क्या हुआ था उस दिन
भीम यादव का कहना है कि तीन दिन से वह भूख हड़ताल पर है। अफसरों ने कोई कार्रवाई नहीं की। उसकी हालत बिगड़ रही है। भीम यादव की भूख हड़ताल जारी है। अनशन की सूचना पर शुक्रवार को बीडीओ भी युवक के घर पहुंचे थे। काफी देर बातचीत के बाद भी निष्कर्ष नहीं निकला। युवक ने अपनी मांगों पर कार्रवाई न होने तक अनशन जारी रखने का फैसला किया है।
उच्चाधिकारियों को दी सूचना
बीडीओ शिवपूजन भारती ने बताया कि भीम यादव अपने दरवाजे पर हड़ताल पर बैठे हैं। सूचना के बाद मौके पर गए थे। पीड़ित व पड़ोसियों से बात की गई तो सभी आपस में सह हिस्सेदार हैं। भीम यादव जिस रास्ते से गुजरते हैं, उसी पर इंटरलॉकिंग निर्माण की मांग कर रहे हैं, जबकि पड़ोसी लोग इसका विरोध कर रहे हैं। आवागमन पर रोक नहीं लगा रहे हैं। अपात्रों के आवास के मामले में बीडीओ ने कहा कि अपात्रों की सूची व नाम दें तो उसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि मामले से उच्चाधिकारियों को अवगत करा दिया गया है।