लखनऊ। आशियाना थानाक्षेत्र के किला चौराहे पर बुधवार शाम करीब साढ़े सात बजे अचानक भीषण जाम लग गया। चारों तरफ से गाड़ियां रेंगती नजर आईं, लोग जाम में फंसे दिखे और इसी दौरान एक एंबुलेंस सायरन बजाती हुई रास्ता मांगती रही, लेकिन निकल नहीं सकी। जाम का यह दृश्य किसी राहगीर ने मोबाइल में कैद कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जो वायरल हो गया।
वायरल वीडियो में एक ओर आशियाना थाने के दरोगा जाम खुलवाने के लिए लगातार प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं, वहीं, एक व्यक्ति मदद करने के बजाय वीडियो बनाकर पुलिस को कटघरे में खड़ा करता नजर आता है। इस वीडियो ने आम लोगों के बीच यातायात व्यवस्था को लेकर सवाल और चिंता दोनों बढ़ा दी है।
आशियाना इंस्पेक्टर छत्रपाल सिंह ने बताया कि शाम साढ़े सात बजे से कुछ समय पहले तक यातायात सामान्य था और हल्के जाम के बावजूद वाहनों की आवाजाही जारी थी। इसी दौरान एक लग्जरी कार सवार युवक ने चौराहे के बीच अपनी गाड़ी खड़ी कर वीडियो बनाना शुरू कर दिया। बीच सड़क वाहन खड़ा होते ही आवागमन बाधित हो गया और कुछ ही मिनटों में हालात गंभीर जाम में बदल गए। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो को संज्ञान में लिया गया है। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
जाम का वायरल वीडियो।