कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार को रायबरेली-सुल्तानपुर राजमार्ग पर ट्रक ने एक बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। इसमें एक महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रायबरेली भेज दिया गया।
अमेठी जिले के मोहनगंज थाना क्षेत्र के बसावन का पुरवा मजरे चौरा गांव निवासी सूरजपाल पासी अपनी पत्नी शांती देवी और घूप का पुरवा गांव निवासी रामफेर के साथ सुबह अमेठी किसी काम से जा रहा था। हाईवे पर बहादुरपुर स्थित पेट्रोलपंप के पास रायबरेली की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी।
इससे बाइक के पीछे बैठी शांती देवी की मौत हो गई, जबकि उसका पति सूरजपाल पासी और रामफेर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद दोनों घायलों को फुरसतगंज सीएचसी पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर दोनों को जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी गजेंद्र सिंह ने बताया कि तहरीर मिलने पर केस दर्ज किया जाएगा।