लखनऊ। इंजीनियरिंग कॉलेज पावर हाउस इलाके के सिकंदरपुर गांव में सुबह बिजली के तारों पर एक पेड़ गिर गया। इस कारण पूरे गांव की बिजली करीब एक घंटे तक ठप रही। पेड़ हटाने और टूटे तारों को सही करने के बाद बिजली चालू हो सकी।
इसके अलावा कई अन्य इलाकों में भी बिजली संकट रहा। माल उपकेंद्र के अटारी, नबीपनाह, शंकरपुर, माल की दो लाख की आबादी शुक्रवार को तीन घंटे तक तक बिजली-पानी के लिए तरसती रही। यहां पेड़ों की डालियों की कटाई-छंटाई के लिए सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक बिजली बंद की गई थी। प्रियदर्शिनी उपकेंद्र के योगिता स्कूल के पास एबीसी जलने के कारण एक घंटे तक बिजली बाधित रही। सुधार कार्यों के चलते जीएसआई उपकेंद्र के सचिवालय कॉलोनी व जनगणना कॉलोनी की बिजली बाधित रही। गोमतीनगर विस्तार के सेक्टर चार उपकेंद्र के शिप्रा फीडर में धमाका होने के कारण आसपास इलाके में एक घंटे तक बिजली बंद रही।