लखनऊ के ठाकुरगंज में हवस में अंधे हो चुके रिश्ते के चाचा ने तीन साल की मासूम भतीजी को निशाना बनाया। होली की दोपहर टॉफी दिलाने के बहाने वहशी उसे फुसलाकर साथ ले गया और दरिंदगी की। परिवारीजनों ने बच्ची को गायब देखा तो आसपास खोजबीन की। घर के पास एक खाली प्लॉट में खून से लथपथ बच्ची को पड़ा देख सबके होश उड़ गए। पुलिस ने आरोपी चाचा को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर दीपक दुबे ने बताया कि आरोपी शटरिंग का काम करता है। शुक्रवार दोपहर बच्ची घर के बाहर मुहल्ले के बच्चों के साथ होली खेल रही थी तभी आरोपी वहां आ गया। बच्ची को देखकर उसने टॉफी का लालच दिया और अपने साथ ले गया। उसे टॉफी दिलाने के बाद एक खाली प्लॉट पर ले जाकर दरिंदगी की और भाग निकला। खून से लथपथ बच्ची काफी देर तक प्लॉट में पड़ी तड़पती रही।
उधर, कुछ देर बाद जब बच्ची नजर नहीं आई तो परिवारीजनों ने खोजबीन शुरू की। घर के पास एक खाली प्लॉट में बच्ची को लहूलुहाल हालत में पड़ा देख परिवारीजनों के होश उड़ गए। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और मासूम को तुरंत बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में बच्ची की हालत गंभीर बताई जा रही है।
उधर, मुहल्ले के लोगों से पूछताछ में पता चला कि बच्ची को उसका रिश्ते का चाचा फुसलाकर ले गया था। पुलिस ने आरोपी को पकड़ा तो उसने टॉफी दिलाने के बाद बच्ची को घर छोड़ने की जानकारी दी। पुलिस ने सख्ती की तो आरोपी ने अपना जुर्म कुबूल कर लिया। उसे गिरफ्तार करके जेल भेज दिया गया है।