लखनऊ कैसरबाग के घसियारी मंडी निवासी निशा (20) की मौत झाड़-फूंक के दौरान हुई थी। दरअसल, तांत्रिक ने उसके गले पर पैर रख दिया था, जिसके बाद वह बेहोश हो गई। उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
युवती की मां की तहरीर पर पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया। प्रभारी निरीक्षक कैसरबाग राजकुमार सिंह के मुताबिक निशा की शादी बंथरा के गढ़ी चुनौती निवासी युवक से तय हुई थी। 20 फरवरी की शादी की तैयारी में पूरा परिवार में जुटा था।
इस बीच अचानक रविवार सुबह निशा के पेट में दर्द हुआ। दर्द असहनीय हुआ तो बलरामपुर अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों ने दर्द का इंजेक्शन लगाकर उसे वापस भेज दिया। शाम को दोबारा निशा की तबियत बिगड़ी। इस पर परिवारीजन फिर इलाज करवाने के बारे में सोच रहे थे।
भूत-प्रेत का साया बता शुरू कर दी झाड़फूंक
डेमो
निशा की मां उषा के मुताबिक शादी की तैयारियों के बीच निशा की तबियत खराब होने से परिवारीजन परेशान हो गए। इसी बीच पड़ोसी इंदल पहुंच गया। उसने निशा को देखने के बाद कहा कि उस पर भूत-प्रेत का साया है। उसे डॉक्टर ठीक नहीं कर सकता। इसे झाड़ फूंक की जरूरत है।
उसने कुछ देर निशा को देखा। इसके बाद कुछ पूजा का सामान लिखकर जल्द लाने को कहा। उषा के मुताबिक वह दूूसरी बेटी के साथ सामान लाने बाजार गई। लौैटने पर देखा तो बेटी के कमरे में इंदल ने झाड़-फूंक शुरू कर दी थी।
एक हाथ से मार रहा था तमाचे
उषा के मुताबिक कमरे में जब पूजा का सामान देने उसकी बेटी मीरा गई तो उसने देखा कि इंदल झाड़-फूंक कर रहा था। उषा के मुताबिक इंदल का एक पैर निशा के गले पर था। एक हाथ से उसके बाल पकड़े थे। दूसरे हाथ से उसे तमाचा मार रहा था।
यह सिलसिला लगातार 15 मिनट तक चला। यह देख मीरा ने पूरी जानकारी बहन सोनिया को दी। सोनिया ने मां को बताया। जब तक परिवारीजन कमरे में पहुंचते निशा बेहोश हो चुकी थी। इस पर इंदल उसे बिस्तर पर छोड़कर चला गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद हरकत में आई पुलिस
डेमो
अस्पताल में हुई मौत की पुष्टि
उषा के मुताबिक बेटी को बेहोशी की हालत में देखा तो घर में चीख-पुकार मच गई। आनन-फानन उसे सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची हजरतगंज पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
क्षेत्राधिकारी अमित कुमार राय के मुताबिक सोमवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया। मंगलवार दोपहर को पोस्टमार्टम कार्यालय पहुंचा। रिपोर्ट में गला दबाने से मौत की पुष्टि हुई। इसके बाद परिवारीजनों से पूछताछ शुरू की गई।
पहले तो वे मामले को दबाने में जुटे रहे। जब पुलिस ने सख्ती की तो सारी सच्चाई बता दी। प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह केे मुताबिक उषा की तहरीर पर केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।