फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

रामनगरी में आस्था का सैलाब: 42 किलोमीटर के परिक्रमा पथ पर गूंजता रहा 'जय श्रीराम', फुल हुए होटल-धर्मशालाएं

Wed, 18 Nov 2026 07:24 PM IST
Akash Dwivedi संवाद न्यूज एजेंसी, अयोध्या

सार

अयोध्या में अक्षय नवमी पर शुरू हुई चौदहकोसी परिक्रमा में 20 लाख से अधिक श्रद्धालु शामिल हुए। 42 किलोमीटर लंबे परिक्रमा मार्ग पर जय श्रीराम के जयकारे गूंजते रहे। सरयू घाटों और प्रमुख मंदिरों में भारी भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने से होटल और धर्मशालाएं फुल हो गईं, कई परिवारों को ठिकाना नहीं मिला।
विज्ञापन
रामनगरी में आस्था का सैलाब - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

रामनगरी की 42 किलोमीटर लंबी परिधि बुधवार को भक्ति की एक ऐसी अविराम यात्रा की साक्षी बनी, जिसमें न कोई थकान का हिसाब था और न मंजिल तक पहुंचने की जल्दी। हर कदम राम के नाम और हर सांस में सियाराम की गूंज। अक्षय नवमी पर शुरू हुई चौदहकोसी परिक्रमा में आस्था का ऐसा जनसैलाब उमड़ा कि पूरी रामनगरी श्रद्धालुओं की पदचाप से गुंजायमान हो उठी। प्रशासनिक आंकड़े के मुताबिक 20 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने चौदहकोसी परिक्रमा की।

विज्ञापन


बुधवार की सुबह 1:21 बजे बजे परिक्रमा का निर्धारित मुहूर्त था, लेकिन रामनाम की लगन ऐसी कि श्रद्धालुओं ने शुभ घड़ी की प्रतीक्षा किए बिना ही परिक्रमा शुरू कर दी। देखते ही देखते परिक्रमा की परिधि मानव शृंखला में बदल गई। रात गहराती गई और परिक्रमा पथ पर श्रद्धालुओं की कतारें लंबी होती गईं। रात के सन्नाटे को रामधुन ने तोड़ा तो सुबह की पहली किरण के साथ जय श्रीराम का उद्घोष पूरी रामनगरी में गूंजने लगा। 

कोई परिवार के साथ परिक्रमा कर रहा था तो कोई अकेले ही रामनाम का सहारा लेकर आगे बढ़ रहा था। बुजुर्गों की लाठी के साथ बढ़ते कदम हों या युवाओं का उत्साह, महिलाओं की टोली हो या बच्चों की चहक, हर किसी की मंजिल एक थी, रामनगरी की परिक्रमा और पुण्य का अर्जन। कहीं भजन मंडलियां चल रही थीं तो कहीं श्रद्धालु एक-दूसरे को जय श्रीराम कहकर उत्साह बढ़ा रहे थे। 24 घंटे से अधिक समय तक परिक्रमा का सिलसिला चलता रहा।

विज्ञापन
Trending Videos

उमड़े श्रद्धालु। - फोटो : अमर उजाला

सरयू की लहरों के साथ बहती रही आस्था

चौदहकोसी परिक्रमा के समानांतर सरयू तट पर भी श्रद्धा का सागर हिलोरें लेता रहा। रात करीब दो बजे से ही घाटों पर श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। सुबह होते-होते सरयू के घाटों पर जनसमूह उमड़ पड़ा। कोई पुण्य की डुबकी लगाकर परिक्रमा के लिए निकल रहा था तो कोई 42 किलोमीटर की यात्रा पूरी कर मां सरयू की गोद में स्नान कर अपनी थकान मिटा रहा था। पूरे दिन सरयू के घाटों पर स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही।

हनुमानगढ़ी में लगी 500 मीटर लंबी कतार

परिक्रमा के बाद श्रद्धालुओं के कदम मंदिरों की ओर मुड़ गए। हनुमानगढ़ी में बजरंगबली के दर्शन, कनक भवन में युगल सरकार की झांकी और नागेश्वरनाथ में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की कतारें लगी रहीं।  वहीं, रामलला के दरबार में भी भीड़ रही। पिछले दो दिनों में तीन लाख से अधिक श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर चुके हैं। हनुमंतलला के दर्शन की भी होड़ रही, 500 मीटर लंबी कतार लगी रही।

 


 
विज्ञापन

परिक्रमा करते श्रद्धालु। - फोटो : अमर उजाला

एडीजी जोन समेत आला अधिकारी रहे मुस्तैद

श्रद्धालुओं के इस विराट जनसमागम के बीच मेला क्षेत्र में सुरक्षा और व्यवस्थाओं की कमान प्रशासन के हाथों में रही। एटीएस ने मोर्चा संभाल रखा था। ड्रोन कैमरों से निगरानी हो रही थी। एडीजी जोन प्रवीण कुमार, मंडलायुक्त राजेश कुमार, जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी, डीआईजी सोमेन बर्मा, एसएसपी डॉ. गौरव ग्रोवर, एसपी सिटी चक्रपाणि त्रिपाठी लगातार मेला क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहे।

परिक्रमा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, फुल हुए होटल-धर्मशालाएं

चौदहकोसी परिक्रमा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ के आगे रामनगरी की ठहरने की व्यवस्थाएं कम पड़ गईं। मंगलवार दोपहर से ही गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में कमरों के लिए मारामारी शुरू हो गई। बुधवार दोपहर एक बजे तक यही स्थिति बनी रही। परिवार और सामान लेकर पहुंचे श्रद्धालु एक ठिकाने से दूसरे तक भटकते रहे, लेकिन अधिकांश जगहों पर उन्हें कमरा नहीं मिला।

रामपथ, हनुमानगढ़ी, नया घाट और राम की पैड़ी के आसपास धर्मशालाओं के बाहर लोगों की पूछताछ चलती रही। कहीं रिसेप्शन से ही कमरा खाली न होने की बात कहकर लौटा दिया गया तो कहीं किराया सुनकर श्रद्धालुओं ने ठहरने का इरादा बदल दिया। कई होटलों में कमरे उपलब्ध थे, वहां 2500 से तीन हजार रुपये तक किराया बताया गया। सामान्य दिनों में 800 से एक हजार रुपये में मिलने वाले कमरों के लिए तीन गुना तक रकम मांगी गई।

कमरा नहीं मिलने पर कई परिवारों ने रात खुले आसमान के नीचे गुजारी। राम की पैड़ी पर सुबह पांच बजे दर्जनों श्रद्धालु चादर बिछाकर सोते मिले। मठ-मंदिरों और आश्रमों में भी लोगों ने शरण ली, लेकिन वहां भी भीड़ के चलते जगह मिलना आसान नहीं था। प्रयागराज निवासी रमेश निषाद ने बताया कि परिवार के साथ सुबह से कमरा खोज रहे हैं। पांच-छह जगह देखे, एक जगह तीन हजार रुपये किराया बताया गया। बलरामपुर निवासी सुनीता पाटिल ने बताया कि मंगलवार को होटल तलाश रहे थे। कहीं जगह नहीं मिली तो राम की पैड़ी पर कुछ घंटे बितानी पड़ी।


 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें