लखनऊ। तालकटोरा इलाके में कोचिंग से लौट रही छात्रा से छेड़छाड़ की गई। विरोध पर उसे व उसके भाई को पीटा गया और मोबाइल तोड़ दिया गया। घटना 22 दिसंबर की है। डर के चलते भाई-बहन ने कोचिंग जाना बंद कर दिया। जानकारी होने पर छात्रा की मां ने 15 जनवरी को दो नामजद व आठ अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ठाकुरगंज निवासी छात्रा छोटे भाई के साथ तालकटोरा स्थित कंप्यूटर कोचिंग जाती है। आरोप है कि कोचिंग के पास शुभम राजवंशी, अमन व उनके कुछ साथी अक्सर छेड़छाड़ व अश्लील हरकत कर रहे थे। पहले तो छात्रा ने नजरअंदाज किया। बाद में विरोध किया तो आरोपी गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी देने लगे।
22 दिसंबर की शाम पांच बजे कोचिंग से लौटते समय रास्ते में आरोपियों ने छात्रा को घेर लिया और छेड़खानी करने लगे। इस पर छात्रा के 16 वर्षीय भाई ने विरोध किया तो आरोपियों ने उसे लाठी-डंडे व लात-घूसों से मारा। छात्रा ने बचाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे भी पीटा। इस बीच छात्रा ने मोबाइल से आरोपियों का वीडियो बनाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसे तोड़ दिया। भीड़ एकत्र होती देख आरोपी वहां से भाग गए।
डर के कारण कोचिंग जाना किया बंद
इस घटना के बाद छात्रा व उसके छोटे भाई ने कंप्यूटर कोचिंग जाना बंद कर दिया। 15 दिन गुजर जाने के बाद जब मां ने इसका कारण पूछा तो दोनों हिम्मत जुटाकर सारी बात बताई। इसके बाद छात्रा की मां ने 15 जनवरी को तालकटोरा थाने में आरोपी शुभम, अमन और उनके आठ साथियों के खिलाफ केस दर्ज कराया। इंस्पेक्टर तालकटोरा कुलदीप दुबे का कहना है कि आरोपियों की तलाश की जा रही है।