निर्माणाधीन फ्लाई ओवर से कार पर गिरा पत्थर, चालक बचा
मलिहाबाद। लखनऊ-हरदोई निर्माणाधीन हाईवे पर काम के दौरान एक बड़ा पत्थर वहां से गुजर रही कार पर जा गिरा। हादसे में कार के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया।
मलिहाबाद इलाके के ग्राम मोहम्मद नगर तालुकेदारी निवासी पिंटू ने बताया कि दोपहर तीन बजे संडीला जा रहे थे। इसी बीच मलिहाबाद चौराहे के निकट फ्लाई ओवर के साइड में मिट्टी रोकने के लिए मशीन से लगाया जा रहा भारी भरकम पत्थर कार पर गिर गया। हादसे में वह बाल-बाल बच गए।
पिंटू ने एनएचएआई के ठेकेदार की लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रार्थना पत्र दिया है। आसपास के लोगों ने बताया कि पिछले एक हफ्ते से मशीन से पत्थर लगाने का काम बिना किसी सुरक्षा उपकरण के किया जा रहा है। सर्विस लेन पर कोई साइन बोर्ड भी नहीं लगाया गया है।