हाईटेंशन लाइन से गिरी चिंगारी, गेहूं की फसल जलकर राख।
काकोरी। पठान खेड़ा गांव में सोमवार दोपहर दो बजे हाईटेंशन लाइन से गिरी चिंगारी से किसान की गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। पठान खेड़ा गांव निवासी किसान लक्ष्मण गौतम के सड़क किनारे स्थित खेत के ऊपर से हाईटेंशन लाइन गुजरी है।
सोमवार को तेज हवा के कारण लाइन में शॉर्ट सर्किट हुआ और उससे निकली चिंगारी तैयार खड़ी गेहूं की फसल पर गिर गई। आग की लपटें उठती देख राहगीरों ने ग्रामीणों को सूचना दी। इसके बाद मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने एक घंटे में आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक करीब 12 बिस्वा गेहूं की फसल जलकर पूरी तरह राख हो चुकी थी। इंस्पेक्टर सतीश राठौर ने बताया आग लगने की सूचना मिली थी, लेकिन ग्रामीणों ने समय रहते आग बुझा ली थी। ग्राम प्रधान राजकुमार ने बताया कि घटना की सूचना लेखपाल को दे दी गई है।
हाईटेंशन लाइन से गिरी चिंगारी, गेहूं की फसल जलकर राख।