काकोरी। इलाके में सोमवार शाम एसटीएफ, ड्रग्स विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने जानलेवा 16 लाख की ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन के साथ तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के पास मिली पांच बोरियों में 504 बोतल इंजेक्शन बरामद हुईं।
काकोरी इंस्पेक्टर सतीश चंद्र राठौर ने बताया कि सोमवार शाम सात बजे एसटीएफ के दरोगा फैजुद्दीन सिद्दीकी, ड्रग्स इंस्पेक्टर संदेश मौर्य और चौकी प्रभारी घुरघुरी तालाब छत्रजीत सिंह टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। तभी उन्हें करीमाबाद नहर पुल अंडरपास के पास एक युवक के बाइक से ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन की खेप ले जाने की सूचना मिली। मौके पर पहुंची टीम ने युवक को रोक को रोक लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम रहीमाबाद के तेरवा गांव का निवासी रेहान बताया। एसटीएफ ने जब आरोपी के पास मिली पांच बोरियों की तलाशी तो उन्हें पांच बोरियों में रबर से बंधी 504 बोतल ऑक्सीटोसिन इंजेक्शन मिले। टीम ने जब आरोपी से खरीद-बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे तो वह दिखा नहीं सका। इंस्पेक्टर ने बताया कि एसटीएफ व पुलिस आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।