सुशांत गोल्फ सिटी के ओकाश गोल्फ स्टेलर में मकान की पहली मंजिल से उठतीं आग की लपटें।
गोसाईंगंज। सुशांत गोल्फ सिटी के ओकाश गोल्फ स्टेलर निवासी धर्मेंद्र द्विवेदी के विला में रविवार देर रात शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। सूचना पर दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इसमें लाखों का सामान जलकर राख हो गया। वहीं घर के मालिक ने पत्नी और बच्चों के साथ छत के रास्ते पड़ोसी के मकान में जाकर जान बचाई।
पीजीआई के अग्निशमन अधिकारी मामचंद ने बताया कि उन्नाव में बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ प्रबंधक धर्मेंद्र द्विवेदी परिवार के साथ विला में दूसरी मंजिल पर सो रहे थे। देर रात पहली मंजिल पर शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने पूरे फ्लोर को चपेट में ले लिया। लपटें और धुआं उठता देख पड़ोसी रविंद्र सिंह ने फायर ब्रिगेड को सूचना दी। धर्मेंद्र ने बताया कि चारों तरफ धुआं फैल जाने से सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। वे लोग सीढ़ियों से नीचे उतरने के बजाय छत के रास्ते पड़ोसी के मकान से उतरकर बाहर निकले।