लखनऊ। केजीएमयू के ट्रॉमा सेंटर में जल्द ही दूसरी सीटी स्कैन मशीन की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके लिए ट्रॉमा सेंटर के सामने स्थित जिरियाट्रिक विभाग में नया कक्ष तैयार कर लिया गया है। मशीन 15 दिनों में पहुंचने की उम्मीद है और स्थापना व तकनीकी परीक्षण के बाद लगभग एक माह में इसकी सेवाएं शुरू हो जाएंगी।
वर्तमान में ट्रॉमा सेंटर में केवल एक सीटी स्कैन मशीन होने से गंभीर मरीजों की अधिक संख्या के कारण कई बार 10 से 15 घंटे तक इंतजार करना पड़ता है। इलाज के दौरान कई मरीजों को दो से तीन बार सीटी स्कैन कराना पड़ता है, जिससे लंबी कतारें लग जाती हैं।
ट्रॉमा सेंटर प्रभारी डॉ. प्रेमराज सिंह ने बताया कि मशीन विदेश से मंगाई जा रही है। आयात संबंधी औपचारिकताओं के कारण देरी हुई है। साथ ही एक सप्ताह के भीतर नई पोर्टेबल अल्ट्रासाउंड मशीन भी उपलब्ध होगी, जिससे गंभीर मरीजों का बेड पर ही तत्काल अल्ट्रासाउंड किया जा सकेगा।