लखनऊ। अलीगंज अग्निकांड प्रकरण में एसआईटी की रिपोर्ट के आधार पर आवास विभाग विभाग ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। एलडीए की जांच रिपोर्ट और एसआईटी की संस्तुति के बाद शासन ने दोषी इंजीनियरों को निलंबित करने का आदेश जारी कर दिया है।
जिन्हें निलंबित किया गया है, उनमें नगर निगम सेवा के सहायक अभियंता संजय शुक्ल, सहायक अभियंता अनिल कुमार, अवर अभियंता प्रमोद पांडेय व हेमंत कुमार शामिल हैं। हेमंत कुमार पहले से ही अन्य मामलों में निलंबन का सामना कर रहे थे। बता दें कि एलडीए ने दिवंगत अधिशासी अभियंता एके सिंह सहित कुल 18 जिम्मेदार इंजीनियरों की सूची शासन भेजी गई थी, जिनमें से 12 अधिकारी सेवानिवृत्त हो चुके हैं। मामले में पांच जोनल अधिकारियों के नाम भी एसआईटी को सौंपे गए हैं, जिन पर कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है। जोनल अधिकारियों में पीसीएस स्तर के अधिकारी शामिल हैं। शासन ने संकेत दिए हैं कि जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।