लखनऊ। इंदिरानगर के पटेलनगर में 10 दिसंबर को मां की डांट से आहत होकर 11 वर्षीय बालक साइकिल लेकर घर से निकल गया। कहीं कुछ पता न चलने पर घरवालों ने गाजीपुर थाने में सूचना दी। तीन दिन बाद बालक ने खुद फोन कर अहमदाबाद में होने की जानकारी दी, जिसके बाद गाजीपुर पुलिस अहमदाबाद पहुंचकर उसे ढूंढ लिया और अब उसे लेकर लखनऊ लौट रही है।
इंस्पेक्टर राजेश कुमार मौर्य ने बताया कि पटेलनगर निवासी शिक्षिका 10 दिसंबर को स्कूल से लौटी थीं। बेटे के कुछ शरारत करने पर उन्होंने उसे डांट दिया। इस पर वह बिना घरवालों को बताए ही निकल गया और देर शाम तक नहीं लौटा। सूचना मिलते ही पुलिस ने आसपास के थानों और नेशनल पोर्टल ऑफ इंडिया में भी जानकारी दे दी। पुलिस ने घर के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले।
फुटेज में बालक साइकिल से हुसड़िया तक जाते दिखा। पुलिस उसे तलाश रही थी, तभी रविवार सुबह उसने मां को कॉल कर खुद के अहमदाबाद में होने की जानकारी दी। आनन-फानन पुलिस टीम अहमदाबाद भेज दी गई। इंस्पेक्टर ने बताया कि बच्चे के घर लौटने पर इस बात की जानकारी हो पाएगी कि वह अहमदाबाद कैसे पहुंचा।