लखनऊ। चिनहट स्थित मदर एंड चाइल्ड विंग के परिसर में सोमवार को कूड़े के ढेर में सिरिंज से भरा बोरा मिला। कुछ सिरिंज की पैकिंग खुली हुई थी, जबकि बड़ी संख्या में सिरिंज अब भी पन्नियों में पैक थीं। लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण इन पर धूल जम चुकी थी। ऐसा लग रहा था कि बोरा करीब एक-दो सप्ताह पहले यहां फेंका गया होगा।
अस्पताल परिसर में मेडिकल सामग्री का इस तरह कूड़े में पड़ा मिलना स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर रहा है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि कूड़े के ढेर से बदबू भी उठ रही थी। आसपास आवारा जानवर घूम रहे थे। ऐसे में संक्रमण फैलने का खतरा भी बना हुआ था। सीएमओ डॉ. एनबी सिंह के मुताबिक, मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में नई सिरिंज फेंकी गई तो संबंधित प्रभारी से जवाब तलब कर कार्रवाई होगी।
दिन भर होती रही चर्चा
सिरिंज से भरा बोरा मिलने के बाद मदर एंड चाइल्ड विंग में हड़कंप मच गया। अस्पताल कर्मियों और मरीजों के बीच पूरे दिन इस मामले की चर्चा होती रही। कर्मचारियों में इस बात को लेकर असमंजस रहा कि आखिर इतनी बड़ी मात्रा में मेडिकल सामग्री वहां कैसे पहुंची। इस्तेमाल की गई सिरिंज और अन्य बायोमेडिकल कचरे का निस्तारण तय नियमों के तहत होना चाहिए। इसके लिए अलग व्यवस्था और एजेंसियां निर्धारित होती हैं। इस्तेमाल सिरिंज को खुले में फेंकना संक्रमण और गंभीर बीमारियों के फैलने का कारण बन सकता है।