10वें तल पर बने फ्लैट की बालकनी से संदिग्ध हालात में गिरकर पीडब्ल्यूडी अफसर की जान गई
लखनऊ। संदिग्ध हालात में भागीरथी अपार्टमेंट के 10वें तल पर बने फ्लैट की बालकनी से गिरकर शनिवार को पीडब्ल्यूडी के अफसर गोपाल कृष्ण (59) की मौत हो गई। सुशांत गोल्फ सिटी पुलिस के मुताबिक, भागीरथी एन्क्लेव के फ्लैट नंबर 1004 में गोपाल कृष्ण परिवार के साथ रहते थे। शनिवार सुबह उनका परिवार किसी काम से आलमबाग गया था। फ्लैट में केयर टेकर जितेंद्र व गोपाल कृष्ण मौजूद थे।
पुलिस के मुताबिक सुबह करीब 11 बजे गोपाल कृष्ण फ्लैट की बालकनी से संदिग्ध हालात में गिर गए। केयर टेकर के अनुसार वह घटना के दौरान बाथरूम में था। जब वह बाहर आया तो देखा कि गोपाल कृष्ण बिस्तर पर नहीं थे। खोजबीन करने पर वह भूतल पर लहूलुहान मिले। जितेंद्र ने परिवार को घटना की सूचना दी। गंभीर अवस्था में उन्हें पीजीआई ट्राॅमा -2 ले जाया गया, वहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। परिजनों ने पुलिस को मामले की जानकारी दी।
इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्र का कहना है कि गोपाल कृष्ण काफी बीमार रहते थे। मामले में केयर टेकर से पूछताछ की जाएगी। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं।