प्रदेश के पिछड़े वर्ग के लोगों की लड़कियों की शादी-विवाह व बीमारी के लिए चलाई जा रही योजना को रोकने के मामले पर बृहस्पतिवार को विधानसभा में सरकार घिरी नजर आई।
कांग्रेस के अनुग्रह नारायण सिंह के एक सवाल के जवाब में अंबिका ने बताया कि 2014-15 के बजट में पिछड़े वर्ग के लोगों की अनुदान योजना के तहत सिर्फ एक करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया।
लाभार्थियों की संख्या बहुत ज्यादा होने के मद्देनजर इसका क्रियान्वयन स्थगित कर दिया गया। विपक्ष ने जब आगामी बजट में इस योजना को शुरू किए जाने को लेकर सवाल दागे तो अंबिका ने कहा कि जब तक बजट पेश नहीं हो जाता तब तक कुछ नहीं कहा जा सकता।
भाजपा के डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल ने अंबिका को घेरते हुए कहा कि पिछला बजट पेश करते हुए मुख्यमंत्री ने उसे अब तक का सबसे बड़ा बजट होने का दावा किया था।
एक मंत्री कह रहे हैं कि उनके विभाग के लिए कम बजट की व्यवस्था की गई। यह गंभीर बात है। अगर उनके विभाग का बजट कम था तो उन्होंने आवाज क्यों नहीं उठाई? अंबिका ने कहा कि यह अनुपूरक प्रश्न से संबंधित नहीं है। सदस्य मंत्री की योग्यता पर सवाल उठा रहे हैं।