लखनऊ के चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर रियाद के लिए उड़ान भरने जा रहे विमान का अगला पहिया रन-वे पर ही निकल गया। पायलट की सूझबूझ से हादसा होने से बच गया। विमान में खराबी आने की खबर मिलते ही एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया।
आनन फानन इंजीनियरों को बुलाया गया लेकिन घंटों मशक्कत के बाद भी उसकी खराबी दूर नहीं की जा सकी। बीच रन-वे पर विमान खराब होने के कारण लखनऊ आने वाले कई विमान एयरपोर्ट पर नहीं उतर सके, जबकि यहां से जाने वाले कई विमान उड़ान भी नहीं भर सके। उधर काफी देर तक खराबी दूर ना होने से नाराज विमान के यात्रियों ने जमकर हंगामा काटा। जिस पर विमान को रस्सी से खींचकर रनवे से हटाया गया। इस दौरान लगभग पांच घंटे तक विमानों का आवागमन पूरी तरह ठप रहा।
इस तरह रस्सी से बांधकर प्लेन को रनवे से हटाया गया, देखें तस्वीरें-
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक सऊदी अरबिया एयरलाइंस का विमान (एसवी-895) बुधवार शाम करीब 5:20 बजे अमौसी एयरपोर्ट से क्रू मेम्बर सहित 298 यात्री लेकर रियाद के लिए उड़ान भरने जा रहा था। तभी एयरपोर्ट रनवे पर पहुंचते ही विमान के अगले पहिए में अचानक तकनीकी खराबी आ गई और पहिया निकल गया। पायलट को जानकारी होते ही उसने आनन-फानन इमरजेन्सी ब्रेक लगाकर विमान को रनवे पर ही रोक लिया।