लखनऊ। सिंगारनगर मेट्रो स्टेशन पर चेकिंग के दौरान गोंडा के जानकीनगर निवासी प्राइवेट कंपनी में बिजनेस हेड नितिन जौहरी के बैग में 315 बोर का तमंचा मिला। इस पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
एसओ मानकनगर अजीत कुमार ने बताया कि शनिवार की शाम करीब पांच बजे नितिन सिंगार नगर मेट्रो स्टेशन बैग व अन्य सामान लेकर पहुंचा था। स्क्रीनिंग के दौरान बैग में कुछ आपत्तिजनक सामान दिखा। सुरक्षा कर्मियों ने इसकी सूचना मानकनगर पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे दरोगा सत्यम कुमार द्विवेदी ने बैग खोलकर चेक किया तो उसमें 315 बोर का तमंचा मिला। नितिन से इसके बारे में पूछताछ की गई तो उसने जानकारी होने से इन्कार कर दिया। इस पर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। दरोगा सत्यम ने उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कराई है। पूछताछ में नितिन ने बताया कि वह लखनऊ स्थित अपनी मौसी के घर आए थे और वापस जा रहे थे। नितिन का कहना है कि वह एक प्राइवेट कंपनी में बतौर बिजनेस हेड काम करता है।