सीतापुर जिले की लहरपुर कोतवाली क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग लखीमपुर बहराइच मार्ग पर बुधवार सुबह रमुआपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार पिकअप ने कार को टक्कर मार दी। इस हादसे में कार चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक का हाथ कट कर गिर गया। पुलिस ने घायल को सीएचसी में भर्ती कराया जहां से चिकित्सको ने उसे ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह जनपद खीरी के खमरिया पंडित निवासी अभिनय मिश्रा (35) अपनी कार से लखीमपुर से अपने घर जा रहे थे। ग्राम रमुवापुर के निकट सामने से आ रही पिकअप ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिकअप मौके पर ही पलट गई और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दुर्घटना की सूचना पर मौके पर पहुंचे भदफर चौकी प्रभारी धर्मेंद्र बहादुर सिंह व उनकी टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार चालक को कार से बाहर निकाला और एम्बुलेंस की मदद से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। जहां उनकी हालत गंभीर देखते हुए उन्हें ट्रामा सेंटर भेज दिया गया। दुर्घटना के बाद पिकअप चालक मौके से फरार हो गया।