लखनऊ। हापुड़ के सरस्वती इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंस में एमबीबीएस में दाखिला दिलाने का झांसा देकर 60 लाख रुपये ठगने के मामले में एसआईएमएस कंसल्टेंसी के उपाध्यक्ष शहनवाज को विभूतिखंड पुलिस ने गिरफ्तार किया है। कंसलटेंसी का निदेशक आनंद तिवारी पहले ही जेल में है।
बिहार के मुजफ्फरपुर निवासी आनंद कुमार देव की बेटी सर्जना श्रेया व पटना के पंकज कुमार की बेटी प्रगति पंकज ने एमबीबीएस में प्रवेश के लिए विभूतिखंड साइबर टावर स्थित कंसल्टेंसी के दफ्तर में 60 लाख रुपये दिए थे। फिर भी इन्हें दाखिला नहीं मिला। जनवरी 2023 में पीड़ितों ने विभूतिखंड थाने में निदेशक आनंद तिवारी, गोरखपुर के राजीव सिंह, संजू बाजपेयी, संजीव बाजपेयी, एके सिन्हा, दीपू सिंह, जीनत परवीन, जया, पूनम शुक्ला के खिलाफ धोखाधड़ी व अमानत में खयानत का अलग-अलग केस दर्ज कराया।
विवेचना के दौरान पुलिस ने केस में गबन और साजिश की धारा को भी बढ़ाया। इसके बाद 12 अगस्त 2023 को निदेशक आनंद तिवारी को गिरफ्तार किया गया। बृहस्पतिवार को किसान बाजार के पास से कंसलटेंसी के उपाध्यक्ष व मऊ के रसूलपुर मोहम्मदाबाद गोहना निवासी शहनवाज को गिरफ्तार किया। इंस्पेक्टर विभूतिखंड सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अन्य आरोपियों की भूमिका की जांच चल रही है।