लखनऊ। पटना से दिल्ली जा रही इंडिगो की फ्लाइट में शनिवार सुबह एक यात्री की तबीयत अचानक बिगड़ गई। यात्री के इलाज के लिए तत्काल विमान की अमौसी एयरपोर्ट पर इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई। विमान के उतरने पर मेडिकल टीम ने जांच की, मगर यात्री की मौत हो चुकी थी।
असम के बलशोर स्थित पल्ला रोड रुपियाबाथन, नलबारी निवासी सतीश चंद्र बर्मन (63) अपनी पत्नी कंचन और चचेरे दामाद केशव कुमार के साथ पटना से दिल्ली जा रहे थे। वह इंडिगो की फ्लाइट संख्या 6ई-2163 से यात्रा कर रहे थे।
सूत्रों ने बताया कि बीच रास्ते सतीश चंद्र की हालत बिगड़ गई। इसकी सूचना क्रू मेंबर को दी गई। जब यात्री की तबीयत नहीं सुधरी तो क्रू मेंबर ने विमान के पायलट को अवगत कराया। विमान उस समय लखनऊ की वायुसीमा में था। ऐसे में पायलट ने एटीसी से अमौसी एयरपोर्ट पर उतरने की अनुमति मांगी, जिसके बाद एयरपोर्ट पर सुबह 10 बजे विमान की इमरजेंसी लैंडिंग कराई गई।
एयरपोर्ट की स्वास्थ्य टीम को इसकी सूचना पहले ही दे दी गई थी। मेडिकल टीम विमान में पहुंची और यात्री की जांच की, मगर तब तक यात्री की मौत हो चुकी थी। सूचना सरोजनीनगर पुलिस को दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।