सरोजनीनगर। चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर सोमवार को एक यात्री की तबीयत बिगड़ गई। आननफानन मेडिकल टीम बुलाकर जांच की गई। इसके बाद यात्री को लोकबंधु अस्पताल भेज दिया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, रियाद से सुबह नौ बजे लखनऊ पहुंचने वाली फ्लाइनेस की उड़ान एक्सवाई 333 सोमवार दोपहर करीब पौने बारह बजे लखनऊ पहुंची। यात्री एयरपोर्ट से बाहर निकल रहे थे। इसी बीच करीब 12:10 बजे एयरपोर्ट टर्मिनल बिल्डिंग के अंदर विमान से आए यात्री मो. समीर खान की तबीयत खराब हो गई। उनकी नाक से अचानक तेज खून बहने लगा। यह देख सीआईएसएफ के जवानों ने इसकी सूचना एयरपोर्ट मेडिकल सेंटर पर दी। सूचना पर पहुंची मेडिकल टीम ने यात्री को लोकबंधु अस्पताल रेफर कर दिया। उधर, यात्री मो. समीर खान को रिसीव करने एयरपोर्ट पहुंचे उनके रिश्तेदार भी अस्पताल पहुंच गए हैं। तबीयत बिगड़ने की वजह पता नहीं लग सकी है।