सरोजनीनगर। शुक्रवार को लखनऊ से दिल्ली जा रहे बुजुर्ग यात्री की विमान में बैठते ही तबीयत खराब हो गई। गंभीर हालत में उसे एंबुलेंस से लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
एयरपोर्ट सूत्रों ने बताया कि लखनऊ में रहने वाले ऋषिराज शर्मा (88) शुक्रवार सुबह पत्नी रितु के साथ दिल्ली जाने के लिए चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पहुंचे। उन्हें सुबह 9 बजे एअर इंडिया की उड़ान (एआई 2500) से दिल्ली जाना था। विमान की बोर्डिंग हो चुकी थी और ऋषिराज पत्नी के साथ विमान में सवार हो चुके थे, तभी अचानक उनके सीने में तेज दर्द होने लगा और उनकी हालत बिगड़ गई। आननफानन इसकी सूचना एयरपोर्ट अधिकारियों को दी गई, जिसके बाद एयरपोर्ट की एंबुलेंस से उन्हें लोकबंधु अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उनकी मौत हो गई। इस घटना से विमान करीब 50 मिनट देरी से उड़ान भर सका। पुलिस का कहना है कि शुरुआती जांच में ऋषिराज की मौत हार्ट अटैक से होने से पता चली है।