लखनऊ। तालकटोरा और मदेयगंज में दो मकानों से चोर 1.60 लाख रुपये व लाखों के जेवर बटोर ले गए। पीड़ितों ने एफआईआर दर्ज कराई है। आलमनगर के सोनापुरम निवासी इंद्रमणि पांडेय के मुताबिक 24 अगस्त की रात उनके घर से लाखों के जेवर और 1.60 लाख रुपये चोर ले गए। उन्हें सुबह घटना का पता चला। तालकटोरा पुलिस ने छानबीन की। पीड़ित ने आशंका जताई कि चोर पड़ोसी की छत के सहारे घर में घुसे। इंस्पेक्टर कुलदीप दुबे के मुताबिक तफ्तीश की जा रही है।
उधर, मदेयगंज के रूपपुर खदरा निवासी अतुल कुमार वर्मा के मुताबिक वह घर की मरम्मत करा रहे हैं। आरोप है कि कुछ दिन पहले मदेयगंज का रिंकू कश्यप, उसका साथी व अन्य मजदूर काम कर रहे थे। दोपहर में खाना खाने के बाद सभी आ गए, लेकिन रिंकू व उसका साथी नहीं लौटा। संदेह होने पर वह घर के अंदर पहुंचे तो देखा कि अलमारी से लाखों के जेवर गायब थे। पीड़ित आरोपी के घर पहुंचा तो आधे जेवर मिल गए। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया। इंस्पेक्टर राजेश सिंह के मुताबिक केस दर्ज कर पूछताछ की जा रही है।