लखनऊ। राजधानी में नौसिखिये कार चलाने की ट्रेनिंग दे रहे हैं। प्रवर्तन टीम ने मड़ियांव इलाके में ऐसे ही एक युवक को पकड़ा है। सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) आलोक कुमार यादव ने एफआईआर दर्ज कराने के लिए थाने में तहरीर दी है।
तहरीर के मुताबिक यादव चौराहे के पास कार चलाना सिखाने वाले संचित कुमार के पास लर्निंग लाइसेंस मिला। उसकी कार पर 15 दिन में कार चलाने की बात लिखी थी। वाहन में सिद्धि विनायक मोटर ट्रेनिंग सेंटर के विजिटिंग कार्ड भी मिले। वाहन भी निजी श्रेणी का था और उसकी फिटनेस, बीमा सितंबर 2024 में समाप्त हो चुका है। निजी कार का व्यावसायिक वाहन के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा था। एमवी एक्ट के तहत वाहन सीज कर दिया गया। वाहन स्वामी बशीर हुसैन के खिलाफ भी एफआईआर की मांग की गई है।