यूपी के घाटमपुर(कानपुर देहात) के बौहार गांव में विचित्र बुखार से छह लोगों की मौत हो चुकी है और करीब 800 अन्य लोग बीमार हैं। डेढ़ सौ से ज्यादा लोग घाटमपुर और शहर के अस्पतालों में भर्ती हैं।
पूरे गांव में अफरा- तफरी का माहौल है। डॉक्टरों की टीम के साथ सीएमओ गांव पहुंचे और इलाज के बंदोबस्त किए। गांव में साफ-सफाई भी शुरू कर दी गई है। गांव में 539 मरीजों के ब्लड की स्लाइड बनवाई गई है। डेंगू की आशंका जताई जा रही है।
बौहार गांव के किशोर शैलेंद्र उर्फ शीलू को बुखार से हालत बिगड़ने पर एक अगस्त को हैलट में भर्ती कराया गया, जहां दो अगस्त को उसकी मौत हो गई। फिर गांव में अन्य लोगों को बुखार आने लगा। ग्रामीणों ने सिर दर्द, जोड़ों समेत पूरे शरीर में दर्द की भी शिकायत की।
ज्यादातर को उल्टियां भी हो रही थीं। शुरू में ग्रामीण इसे सामान्य बुखार मानकर गांव और जहानाबाद (फतेहपुर) सीएचसी में दिखाते रहे। इस बीच शुक्रवार को दो और रविवार शाम को दो बच्चे सहित तीन लोगों की अज्ञात बुखार से मौत हो गई।
प्रशासन ने एंबुलेंस गांव भेजीं। गांव में कैंप लगाकर इलाज किया गया। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग के हेड डॉ. यशवंत राव, डॉ. सुनील तनेजा और उनकी टीमें इलाज में लगी हैं।