विपरीत दिशा से जा रहा बाइक सवार कार से टकराया, हालत गंभीर
लखनऊ। पारा के पुराना विक्रम नगर पुल पर शुक्रवार दोपहर विपरीत दिशा से जा रहा बाइक सवार एक कार से टकरा गया। बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया और चालक कार छोड़कर भाग निकला।
इंस्पेक्टर सुरेश सिंह के अनुसार काकोरी के हरदोइया लाल नगर गांव निवासी 21 वर्षीय भूपेंद्र कुमार ब्लड सैंपल का काम करते हैं। दोपहर करीब तीन बजे वह बाइक से विपरीत दिशा से पुराना विक्रम नगर पुल होते हुए अवध चौराहे की ओर जा रहे थे। इस बीच हादसा हो गया। भूपेंद्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और उनका हेलमेट टूट गया। घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मी उन्हें लोकबंधु अस्पताल ले गए। सूचना पर परिजन भी आ गए। पुलिस कार कब्जे में लेकर फुटेज खंगाल रही है।