लखनऊ के गोमतीनगर स्थित विशेषखंड में बृहस्पतिवार सुबह शॉर्ट सर्किट से दो मंजिला मकान में आग लग गई। दमकलकर्मियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन गृहस्थी का सामान जल गया।
लखनऊ। गोमतीनगर के विशेषखंड में बृहस्पतिवार सुबह दो मंजिला मकान के पहले तल में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। दमकल कर्मियों ने दो गाड़ियों से आग पर काबू पा लिया।
विज्ञापन
विशेषखंड स्थित दो मंजिला मकान में बीना अग्रवाल परिवार के साथ रहती हैं। बृहस्पतिवार सुबह करीब 6:30 बजे उनके मकान में आग लग गई। धुएं के उठ रहे गुबार के कारण हुई घुटन से परिवार की आंख खुली तो उन्हें पहले तल पर आग की ऊंची-ऊंची लपटें उठती दिखीं। परिवार के लोग चीखते हुए किसी तरह से मकान से बाहर निकले। शोर सुन पड़ोसी भी बाहर आ गए। घटना की जानकारी दमकल को दी गई। हालांकि, तब तक आग की लपटें दूसरे तल तक पहुंच गईं। कुछ देर में एफएसओ गोमती नगर सुशील यादव दमकल की दो गाड़ियों के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए। तीन घंटे की मशक्कत के बाद टीम ने आग पूरी तरह से बुझा ली।
एफएसओ के मुताबिक हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई है। हालांकि, गृहस्थी का सामान जलकर राख हो गया।