शहर के धम्मौर रोड स्थित एक होटल में युवती के साथ ठहरे युवक की संदिग्ध हालात में गोली लगने से मौत हो गई। युवती बदहवास मिली है। मंगलवार सुबह छह बजे होटल कर्मियों से मिली सूचना पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने युवक को संयुक्त जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस मामले को प्रेम प्रसंग बता रही है। वहीं, युवक के परिवारीजन बेटे की हत्या का आरोप लगा रहे हैं। परिवारीजनों ने देर शाम शव को बारामासी के पास रखकर गौरीगंज-अमेठी मार्ग जाम कर दिया। पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर लोगों को तितर-बितर किया।
क्षेत्र के लोकीपुर हारीपुर मजरे कुशीताली निवासी पवन सरोज (22) पुत्र अर्जुन प्रसाद सोमवार को घर से निकला था। वह शाम करीब सात बजे क्षेत्र की एक सजातीय युवती के साथ धम्मौर रोड स्थित पर्ल कांटिनेंटल होटल पहुंचा। पवन ने एक कमरा बुक कराया। रात में दोनों कमरे में रहे। मंगलवार सुबह छह बजे होटल कर्मियों ने कमरे में गोली चलने की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने होटल के कमरे का दरवाजा खुलवाया। युवती बदहवास हालत में मिली। युवक फर्श पर खून से लथपथ पड़ा था। युवक की कनपटी पर गोली लगी थी।